प्रधानमंत्री का बयान लोकतंत्र का गला घोंटने वाला : अनुराग
गत 12 जनवरी को कोलकाता से शुरू हुई 'राष्ट्रीय एकता यात्रा' को पंजाब के होशियारपुर, अमृतसर और जालंधर में भव्य स्वागत किया गया। इस मौके पर लोगों को सम्बोधित करते हुए ठाकुर ने कहा कि वह शांतिपूर्ण यात्रा निकाल रहे हैं। इस यात्रा से उनका उद्देश्य युवाओं को जोड़ना है, ताकि अलगाववादी कश्मीर को तोड़ने की मंशा में सफल न हो सकें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के बयान से साफ हो जाता है कि उन्हें यह यात्रा पसंद नहीं आ रहा है। इसलिए उन्होंने ऐसा बयान दिया है। राष्ट्रीय एकता यात्रा में शामिल होने जम्मू पहुंचे भाजयुमो कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ठाकुर ने कहा कि यात्रा रुकती न देख जम्मू एवं कश्मीर सरकार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर दबाव की राजनीति पर उतर आई है।
यात्रा जारी रखने का ऐलान करते हुए भाजयुमो अध्यक्ष ने कहा, "हमारी यात्रा शांतिपूर्ण है। हम राष्ट्रीय ध्वज को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। हमें युवाओं का पूरा समर्थन मिल रहा है।"
उन्होंने देश के के युवाओं से इस यात्रा से जुड़ने का आह्वान किया। ठाकुर ने प्रधानमंत्री और जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वे यात्रा को राजनीतिक नजरिए से देखना छोड़ें और इसका स्वागत कर देश में तिरंगे का सम्मान बढ़ाएं।
यात्रा में भाजपा राष्ट्रीय सचिव नवजोत सिंह सिद्धू भी शामिल हुए। जालंधर में हुई सभा में करीब 12 हजार लोग एकत्रित हुए। यात्रा का स्वागत शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ताओं ने किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications