येदियुरप्पा दिल्ली में, वरिष्ठ नेताओं से ली सलाह (लीड-1)
पार्टी सूत्रों ने बताया कि दिल्ली पहुंचने के बाद येदियुरप्पा ने राज्यपाल हंसराज भारद्वाज द्वारा उनके खिलाफ अभियोग चलाने की अनुमति को चुनौती देने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से राजनीतिक और कानूनी रणनीति पर चर्चा की।
येदियुरप्पा सोमवार को भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी से भी मुलाकात करने वाले हैं। गडकरी अपनी पांच दिनों की चीन यात्रा से रविवार रात यहां पहुंचेंगे।
नई दिल्ली रवाना होने से पहले येदियुरप्पा ने बेंगलुरू में पत्रकारों से कहा, "राज्य में लोकतांत्रित रूप से चुनी गई सरकार को अस्थिर करने के लिए मैं पार्टी के शीर्ष नेताओं से अनुरोध करता हूं कि वह राज्यपाल को वापस बुलाने की राष्ट्रपति से मांग करें।"
मुख्यमंत्री ने शनिवार को अपने पद से हटने से इंकार किया और जोर देकर कहा कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है इसके लिए वह अंत तक संघर्ष करेंगे और अपना पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा करेंगे।
बेंगलुरू में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राज्यपाल हंसराज भारद्वाज द्वारा कार्रवाई की मंजूरी दिए जाने के बाद मुख्यमंत्री राज्य में राजनीतिक हालात की जानकारी देने और उठाए जाने वाले अगले कदम के सम्बंध में पार्टी नेतृत्व से मशविरा करने के लिए रविवार दोपहर बाद दिल्ली रवाना हुए।
मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर आईएएनएस को बताया, "मुख्यमंत्री पार्टी नेतृत्व से सलाह लेने के बाद राज्यपाल के अभियोग चलाने के आदेश को कर्नाटक उच्च न्यायालय में सोमवार को चुनौती देने का फैसला करेंगे, जहां विशेष लोकायुक्त अदालत में वकील के. एन. बलराज और सिराजिन बाशा ने शनिवार को दो आपराधिक मामले दायर किए थे।"
कानूनी सलाहकार और पार्टी के राज्यसभा सदस्य राम जेठमलानी और वरिष्ठ वकील सत्यपाल जैन राज्यपाल के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका का मसौदा तैयार करने में मुख्यमंत्री की मदद कर सकते हैं।
भूमि हथियाने और उसे सरकारी नियंत्रण से मुक्त करने सम्बंधी दो मामलों में मुख्यमंत्री के खिलाफ सोमवार को न्यायाधीश सी. बी. हिप्परागी की विशेष अदालत में सुनवाई होगी।
इन आरोपों में येदियुरप्पा के अलावा उनके दो बेटों सिमोगा से सांसद बी. वाई. राघवेंद्र और बी.वाई.विजेंद्र, दामाद आर. एन. सोहन कुमार, पूर्व भाजपा मंत्री एस. एन. कृष्णानैया सेट्टी और 'दावलगिरी प्रोपर्टी डेवलेपर्स लिमिटेड' के मालिक सहित अन्य करीबी सहयोगियों के नाम शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications