उत्तर भारत में धूप ने दिलाई सर्दी से राहत (राउंडअप)
राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को धूप खिली रही। शहर में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में कुछ दिनों से खिल रही धूप के कारण लोगों को सर्दी से कुछ राहत तो मिल रही है लेकिन सर्द हवाएं चलने के कारण ठिठुरन जारी है। रविवार सुबह राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पर्वतीय इलाकों से आने वाली सर्द हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि धूप खिलने से दिन में सर्दी से तो राहत मिलेगी लेकिन रातें अभी भी काफी सर्द रहेंगी। उन्होंने कहा कि अभी अगले दो-तीन दिन तक ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं। उधर, इस साल अब तक राज्य में सर्दी से करीब 131 लोगों की मौत हो चुकी है।
मध्य प्रदेश में धूप खिलने और तापमान में आई वृद्धि की वजह से लोग राहत महसूस कर रहे हैं। राज्य में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है।
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। सबसे सर्द स्थान रीवा व रायसेन जिले रहे, जहां न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
इसके अलावा राजधानी भोपाल सहित इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। इसी तरह अन्य हिस्सों में भी न्यूनतम तापमान में वृद्धि देखी जा रही है। इसकी वजह से लोग सर्दी से राहत महसूस कर रहे हैं।
उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून सहित अन्य क्षेत्रों में रविवार को भी बर्फीली हवाओं का असर बना रहा लेकिन दिन में धूप खिलने से तापमान बढ़ गया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को देहरादून सहित पहाड़ी इलाकों में धूप खिली रही। इसके कारण तापमान में वृद्घि दर्ज की गई। मैदानी इलाकों में दिन में कोहरा न होने के कारण लोगों ने राहत की सांस ली।
राज्य मौसम केन्द्र के निदेशक ए.के.शर्मा ने बताया कि देहरादून में न्यूनतम तापमान 5.5 और अधिकतम 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शर्मा ने बताया कि पंतनगर में न्यूनतम 4.8 और अधिकतम 24.4, मुक्तेश्वर में यह 1.4 व अधिकतम 11.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं टिहरी में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री और अधिकतम 16.6 डिग्री दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि चटख धूप खिली होने के कारण अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्घि दर्ज की गयी।
कश्मीर घाटी में रविवार को भी बर्फीली हवाओं और ठिठुरनभरी सर्दी का असर बरकरार रहा और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री लुढ़क कर शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया जबकि लद्दाख क्षेत्र के लेह में यह शून्य से 17.6 डिग्री नीचे रहा।
श्रीनगर में मौसम विभाग में मौसम विज्ञानी ए.आर.जरगर ने कहा, "श्रीनगर में रविवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। वहीं जम्मू में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से दो डिग्री कम है।"
उन्होंने कहा, "दक्षिणी कश्मीर के पहलगाम में तापमान शून्य से 10.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि गुलमर्ग में यह शून्य से 10.1 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।"
जरगर ने बताया कि लद्दाख क्षेत्र के लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 17.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
उन्होंने कहा, "जम्मू एवं कश्मीर भर में मुख्य तौर पर सर्द और शुष्क मौसम का दौर कम से कम सोमवार तक तो बरकरार रहेगा।"
श्रीनगर सहित घाटी के अन्य शहरों में मुख्य सड़कों पर बर्फ जमने के कारण सुबह लोगों को यातायात में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और वाहन चालकों और पैदल चलने वालों के लिए जोखिम बढ़ गया है।
श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग एकतरफा यातायात के लिए खुला हुआ है। वाहनों को जम्मू से श्रीनगर जाने की इजाजत दी गई है लेकिन श्रीनगर से जम्मू जाने की इजाजत नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications