मंत्रिमंडल को 'सही आकार' देगी पाकिस्तान सरकार
समाचार पत्र 'द नेशन' की रिपोर्ट के मुताबिक संघीय मंत्रिमंडल को सही आकार देने के लिए कुछ मंत्रियों को हटाया जा रहा है। सरकार यह कदम पाकिस्तान मुस्लिम लीग नवाज (पीएमएल-एन) द्वारा खर्च में कटौती की मांग पर उठा रही है।
कानून एवं संसदीय मामलों के संघीय मंत्री बाबर अवन ने कहा कि मंत्रिमंडल को 'सही आकार' देने के लिए एक कदम उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने मंत्रिमंडल को सही आकार देने का निर्णय लिया है।
सरकारी खर्चे में कटौती के लिए नए मंत्रिमंडल में मंत्रियों की संख्या कम करने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय पीएमएल-एन के आर्थिक सुधारों के सुझावों पर लिया गया है।
ज्ञात हो कि पीएमएल-एन के अध्यक्ष नवाज शरीफ ने गत चार जनवरी को सरकार को अपनी 10 सूत्री मांगों की सूची सौंपी थी और उन्होंने सरकार से इन मांगों को पूरा करने के लिए 45 दिनों का समय दिया था।
रिपोर्ट में बताया गया कि नवाज ने सरकार से स्पष्ट कर दिया कि यदि मांगों को पूरा नहीं किया गया तो उनकी पार्टी के समक्ष सरकार से अलग होकर चुनाव कराए जाने की मांग के अलावा कोई विकल्प नहीं होगा।
अभी हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि मंत्रिमंडल से कितने मंत्रियों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications