चीतल की खाल के साथ 2 गिरफ्तार
सोनभद्र, 23 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में पुलिस तस्करी के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चीतल की खाल बरामद की है।
जिले के चोपन थाना क्षेत्र ने नारायणडीह इलाके में शनिवार रात खुफिया सूचना के आधार पर पलिस और वन विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई में इन दोनों व्यक्तियों को धर दबोचा। उन दोनों की आयु करीब 35 वर्ष है।
चोपन थाना प्रभारी शिवानंद मिश्रा ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि वे दोनों चीतल की खाल अपने किसी ग्राहक को बेचने की फिराक में थे। तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में उनसे पता चला कि स्थानीय कनछ के जंगल से चीतल का शिकार किया गया था। मिश्रा ने कहा कि फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि वे चीतल को कहां बेचने वाले थे। इस सम्बंध में पूछताछ की जा रही है। दोनों सोनभद्र जिले के ही निवासी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications