केंद्रीय नेतृत्व से मशविरा के लिए येदियुरप्पा पहुंचे दिल्ली
एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "राज्यपाल हंसराज भारद्वाज द्वारा कार्रवाई की मंजूरी दिए जाने के बाद मुख्यमंत्री राज्य में राजनीतिक हालात की जानकारी देने और उठाए जाने वाले अगले कदम के सम्बंध में पार्टी नेतृत्व से मशविरा करने के लिए रविवार दोपहर बाद दिल्ली रवाना हुए।"
येदियुरप्पा राज्यसभा में विपक्ष के नेता अरुण जेटली और पार्टी के वरिष्ठ नेता वेंकैया नायडू सहित अन्य नेताओं से मुलाकात करेंगे और राज्यपाल की कार्रवाई को चुनौती देने और राजनीतिक व कानूनी रणनीति के बारे में चर्चा करेंगे।
मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर बताया, "मुख्यमंत्री पार्टी नेतृत्व से सलाह लेने के बाद राज्यपाल के आदेश को कर्नाटक उच्च न्यायालय में सोमवार को चुनौती देने का फैसला करेंगे, जहां विशेष लोकायुक्त अदालत में वकील के. एन. बलराज और सिराजिन बाशा ने शनिवार को दो आपराधिक मामले दायर किए थे।"
भूमि हथियाने और उसे सरकारी नियंत्रण से मुक्त करने सम्बंधी दो मामलों में मुख्यमंत्री के खिलाफ सोमवार को न्यायाधीश सी. बी. हिप्परागी की विशेष अदालत में सुनवाई होगी।
इन आरोपों में येदियुरप्पा के अलावा उनके दो बेटों सिमोगा से सांसद बी. वाई. राघवेंद्र और बी.वाई.विजेंद्र, दामाद आर. एन. सोहन कुमार, पूर्व भाजपा मंत्री एस. एन. कृष्णानैया सेट्टी और 'दावलगिरी प्रोपर्टी डेवलेपर्स लिमिटेड' के मालिक सहित अन्य करीबी सहयोगियों के नाम शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications