मछुआरों की हत्या श्रीलंका के समक्ष उठाएगा भारत
मुखर्जी ने पत्रकारों से कहा कि भारत इस मुद्दे को श्रीलंका सरकार के समक्ष उठाएगा।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा, "श्रीलंकाई नौसेना ने पिछले 10 दिनों में दो भारतीय मछुआरों की हत्या की है। इस मसले पर विदेश मंत्रालय द्वारा सख्त कदम उठाया जाएगा।"
मुखर्जी ने कहा कि दशकों से सशस्त्र संघर्ष से उबरने के लिए भारत श्रीलंका की मदद करता आया है और भारतीय मछुआरों पर हमलों को जायज नहीं ठहराया जा सकता।
उन्होंने कहा कि भारतीय मछुआरों द्वारा अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सीमा का उल्लंघन करने पर श्रीलंका के अधिकारी उन्हें गिरफ्तार कर सकते हैं लेकिन उन्हें गोली नहीं मार सकते।
मुखर्जी ने कहा कि भारतीय मछुआरों पर हमलों पर करुणानिधि ने गंभीर नाराजगी जताई है।
ज्ञात हो कि श्रीलंकाई नौसेना ने शनिवार रात तीन भारतीय मछुआरों पर गोलीबारी कर एक मछुआरे एन. जयकुमार की हत्या कर दी। जयकुमार वेदराण्यम का निवासी था।
तमिलनाडु सरकार ने जयकुमार के परिवार को पांच लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।
मुखर्जी और तमिलनाडु के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के.वी. थंकाबालू ने करुणानिधि से आधे घंटे बातचीत की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications