कश्मीर में बर्फीली हवाएं यानी दिल्ली, यूपी में ठंड नहीं होगी कम
घाटी में पिछले दो सप्ताह से जारी कड़ी सर्दी की वजह से नलों में पानी जम गया हैं। सड़कों पर जगह-जगह फिसलन है। अधिकांश्ा स्थान बर्फ से ढके हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक श्रीनगर में शनिवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। दक्षिणी कश्मीर के पहलगाम में तापमान शून्य से 10.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और गुलमर्ग में यह शून्य से 10.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।
ये तो रही कश्मीर की बात, जहां के लोग ऐसी ठंड के आदि हैं, चलिए अब चलते हैं उत्तर प्रदेश जहां आज धूप खिली है। शनिवार को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में धूप खिलने से ठंड से राहत जरूर मिली है, लेकिन यह राहत ज्यादा समय तक नहीं रहेगी। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक कश्मीर में अगले एक सप्ताह तक बर्फीली हवाएं जारी रहीं, तो इसका सीधा असर मैदानी इलाकों पर दिखेगा।
अनुमान है कि बर्फीली हवाओं के कारण अगले 24 घंटों में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में शीतलहर के कारण पारा गिर सकता है। यहां रात के तापमान में 5 डिग्री तक और दिन के तापमान में 8 डिग्री तक कमी आ सकती है।
कुछ मैदानी इलाकों में बादल छाए रहने की भी संभावना है। लिहाजा जिन स्थानों पर बादल छाए रहे, वहां ठंड ज्यादा पड़ेगी।