उत्तर भारत के कुछ इलाकों में सर्दी से राहत (राउंडअप)
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग(आईएमडी) के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह सुनहरी धूप खिली। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान औसतन 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कश्मीर घाटी में तेज बर्फीली हवाओं का दौर बना हुआ है। जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में शनिवार को न्यूनतम तापमन शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि लद्दाख क्षेत्र के लेह में यह शून्य से 11.4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
घाटी में पिछले दो सप्ताह से जारी कड़ी सर्दी की वजह से नलों में पानी जम जा रहा हैं और सड़कों पर फिसलन बढ़ने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "श्रीनगर में शनिवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है।"
दक्षिणी कश्मीर के पहलगाम में तापमान शून्य से 10.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और गुलमर्ग में यह शून्य से 10.5 डिग्री नीचे रहा।
अधिकारी ने बताया, "लद्दाख क्षेत्र के लेह में शनिवार को न्यूनतम तापमान लुढ़कर शून्य से 11.4 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया और कारगिल में यह शून्य से 16 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"
उन्होंने बताया कि शीतकालीन राजधानी जम्मू में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से दो डिग्री कम है।
मौसम विभाग के अनुसार घाटी में आने वाले दिनों में मौसम सर्द और शुष्क बना रहेगा और इसकी वजह से न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून सहित अन्य क्षेत्रों में शनिवार को बर्फीली हवाओं का असर बना रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल लोगों को सर्दी से निजात मिलने वाली नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को आसमान में बादल छाए रहे। यही नहीं सर्द हवाओं के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
राज्य में मौसम केंद्र के निदेशक ए. के. शर्मा ने बताया कि शनिवार को देहरादून में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और पंतनगर में यह 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
उन्होंने बताया कि रात में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। इसकी वजह से पारा के और लुढ़कने की उम्मीद है। शर्मा ने बताया कि मैदानी इलाकों में सुबह और रात में कोहरे की समस्या बनी रहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications