कश्मीर में 6 भाजपा कार्यकर्ता गिरफ्तार
श्रीनगर, 22 जनवरी (आईएएनएस)। गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की योजना से चार दिन पहले शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के छह कार्यकर्ताओं को लाल चौक से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनसे कुछ पोस्टर भी बरामद किए।
पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "एक राजनीतिक पार्टी से ताल्लुक रखने वाले छह लोगों को निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने पर लाल चौक से गिरफ्तार किया गया।"
बयान में कहा गया है, "गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों के पास से कुछ पोस्टर भी बरामद किए गए।"
खबर है कि भाजपा कार्यकर्ता 26 जनवरी को लाल चौक पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के पार्टी के प्रस्तावित कार्यक्रम के सम्बंध में पोस्टर चिपकाने की नीयत से वहां आए थे।
जम्मू एवं कश्मीर सरकार ने कहा है कि इस तरह का कोई कार्यक्रम आयोजित करने की इजाजत नहीं दी जाएगी, जिससे राज्य का शांतिपूर्ण माहौल बिगड़े।
राज्य सरकार ने भाजपा की तिरंगा यात्रा को 25 जनवरी को जम्मू क्षेत्र के कठुआ जिले के लखनपुर में रोकने का निर्णय लिया है।
राज्य के पुलिस महानिदेशक कुलदीप खोड़ा ने सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को अधिकारियों की बैठक बुलाई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications