गृह मंत्रालय के अधिकारी के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल
नई दिल्ली, 22 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के एक निलंबित अधिकारी रवि इंदर सिंह के खिलाफ एक अदालत में शनिवार को आरोप पत्र दाखिल किया। सिंह पर आरोप है कि उन्होंने अनधिकृत व्यक्ति को कथित रूप से संवेदनशील जानकारी दी।
दिल्ली पुलिस ने विशेष न्यायाधीश संगीता ढींगरा के समक्ष 2,343 पृष्ठों का आरोप पत्र दाखिल किया। मामले की अगली सुनवाई 29 जनवरी को होगी।
पुलिस ने भारतीय दंड संहिता एवं भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत प्रावधानों के तहत सिंह और कोलकाता की कम्पनी टेम्पटेशन फूड प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य प्रबंध निदेशक विनीत कुमार पर अभियोग चलाने की अनुमति मांगी थी।
पुलिस ने बताया कि सिंह और सह-आरोपी कुमार के बीच बातचीत को रिकार्ड कर उसकी लिखित प्रतिलिपि आरोप पत्र के साथ संलग्न की गई है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय में निदेशक (आंतरिक सुरक्षा) का पद संभाल रहे सिंह और उनके लिए कथित तौर पर बिचौलिए का कार्य करने वाले विनीत कुमार को 23 नवम्बर को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस का दावा है कि कुमार ने अधिकारी को उपकृत किया और इसके बदले वह उनसे ब्रिटेन की फर्म टेल्कोर्डिया टेक्नोलॉजीज से सम्बंधित एक फाइल की सुरक्षा स्वीकृति के बारे में जानकारी मांगी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications