इस्तीफा देने का सवाल ही नहीं : येदियुरप्पा
बेंगलुरू, 22 जनवरी (आईएएनएस)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा ने शनिवार को अपने खिलाफ आपराधिक मामले दाखिल होने के बाद इस्तीफे का खंडन किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि वह इस मामले में अंत तक संघर्ष करेंगे और बेदाग साबित होंगे।
एक संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री से यह पूछे जाने पर कि भ्रष्टाचार के आरोपों पर राज्यपाल हंसराज भारद्वाज द्वारा अभियोग चलाने की अनुमति दिए जाने और आपराधिक मामले दाखिल कराए जाने के बाद क्या वह अब अपने पद से इस्तीफा देंगे।
इस पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने कहा, "मुझे क्यों इस्तीफा देना चाहिए।" पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के उद्धरण का उल्लेख करते हुए येदियुरप्पा ने कहा, "पीठ दिखाने और भागने का कोई सवाल नहीं।"
राज्यपाल भारद्वाज के खिलाफ हमला तेज करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह शीघ्र ही राज्य का दौरा करेंगे और "राज्यपाल ने जो भूमिका निभाई है उसे लोगों को बताएंगे। इसके अलावा राज्यपाल की मंजूरी के मसले पर कांग्रेस और जनता दल (सेक्युलर) ने जो रुख अख्तियार किया उसे भी जनता से बताएंगे।"
येदियुरप्पा ने भारद्वाज को "कांग्रेस की नेतृत्व वाले संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार का प्रतिनिधि बताया।" उन्होंने कहा, " राज्यपाल एक अति राजनीतिक महात्वाकांक्षा वाले व्यक्ति की तरह व्यवहार कर रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications