पोलियो के मामलों में भारी कमी, नया अभियान शुरू
नई दिल्ली, 22 जनवरी (आईएएनएस)। राट्रपति प्रतिभा पाटील ने शनिवार को राष्ट्रभवन में सात बच्चों को पोलियोरोधी बूंदें पिलाकर पल्स पोलियो कार्यक्रम- 2011 की शुरुआत की।
कार्यक्रम की सफलता को रेखांकित करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने कहा कि पिछले छह माह की रिपोर्ट में सामने आया है कि देश में किए जा रहे पोलियो उन्मूलन उपायों से पोलियो के मामलों में भारी कमी आई है।
नए कार्यक्रम की शुरुआत होने के बाद आजाद ने कहा, "देश में पोलियो उन्मूलन उपाय शुरू किए जाने के समय से लेकर अब तक की रिपोर्टो से पता चला है कि पिछले छह माह के दौरान पोलियो के मामलों में भारी कमी आई है। वर्ष 2009 में सामने आए 741 मामलों की तुलना में 2010 में मात्र 42 मामलों की पुष्टि हुई है (तीन जनवरी, 2011 तक)।"
आंकड़ों के मुताबिक पोलियो के मामलों में वर्ष 2009 की तुलना में 2010 में 94 फीसदी की कमी आई है।
पिछले वर्ष शुरू की गई पोलियो की द्विसंयोजक खुराक एक और तीन दोनों तरह के वायरस पर प्रभावकारी रही, जिसे और प्रभावकारी बनाया जा रहा है।
आजाद ने कहा कि नए कार्यक्रम के तहत पांच वर्ष से कम उम्र के चालीस लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
उन्होंने कहा, "इस वर्ष मार्च और नवम्बर के बीच अधिक प्रभावित क्षेत्रों में छह पोलियो अभियान चलाए जाएंगे। प्रभावित क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखण्ड, राजस्थान एवं गुजरात के हिस्से शामिल हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications