युद्धोयोनो के भारत दौरे पर होंगे 34 करार
नई दिल्ली, 22 जनवरी (आईएएनएस)। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति सुसिलो बाम्गबांग युद्धोयोनो की अगले सप्ताह भारत यात्रा के दौरान भारत और इंडोनेशिया के बीच रिकार्ड 34 सहमति पत्रों (एमओयू) पर हस्ताक्षर होंगे। इनमें से करीब आधे समझौते व्यापार और निवेश से जुड़े होंगे।
राष्ट्रपति की तीन दिवसीय यात्रा 24 जनवरी से शुरू होगी। उनके साथ 325 सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल होगा, जिसमें लगभग दर्जन भर मंत्री और 140 कारोबारी होंगे। इस यात्रा में वे भारत में निवेश अवसरों की संभावनाओं की तलाश करेंगे।
राष्ट्रपति इस वर्ष भारत के गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि भी होंगे। उनके साथ उनकी पत्नी भी आ रही हैं।
भारत में इंडोनेशिया के राजदूत ले. जनरल (अवकाश प्राप्त) एंडी एम. घालिब ने एक साक्षात्कार के दौरान आईएएनएस से कहा कि अन्य एमओयू आतंकवाद की रोकथाम के लिए सहयोग, प्रत्यर्पण, धन की हेराफेरी, आपराधिक गतिविधियों पर सूचना का आदान-प्रदान, संस्कृति और शिक्षा से सम्बंधित होंगे।
इधर भारत की ओर से टाटा और अनिल अम्बानी सहित पांच बड़े कारोबारी घरानों ने इस वर्ष इंडोनेशिया में लगभग 20 अरब डॉलर निवेश का वादा किया है।
इसी तरह इंडोनेशिया के कारोबारी समूह इंडोरामा और हारमोनी भारत में कारोबार कर कर रहे हैं और कुछ अन्य कारोबार शुरू करने की तैयारी में हैं।
घालिब ने कहा कि भारत में 33 करोड़ आबादी मध्य वर्ग की है और इस कारण इंडोनेशिया भारत को एक बड़े खरीददार के रूप में देखता है।
इंडोनेशिया दक्षिण एशियाई देशों के समूह आसियान में भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझीदार है। दोनों देशों ने 2015 तक 25 अरब डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार का लक्ष्य रखा है। द्विपक्षीय व्यापार 2005 में चार अरब डॉलर था और 2010 में दोनों देशों के बीच 14 अरब डॉलर का व्यापार हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications