भाजपा की यात्रा रोकने को कश्मीर की पंजाब सीमा सील
राज्य सरकार ने गुरुवार को कहा था कि इस तरह का कोई कार्यक्रम आयोजित करने की इजाजत नहीं दी जाएगी, जिससे राज्य का शांतिपूर्ण माहौल बिगड़े।
एक सूत्र ने बताया कि पुलिस दस्तों को जम्मू से 90 किलोमीटर दक्षिण जम्मू एवं कश्मीर के प्रवेशद्वार लखनपुर भेजा गया है। पुलिसकर्मी पंजाब के माधोपुर को जम्मू एवं कश्मीर के लखनपुर से जोड़ने वाले पुल पर तैनात रहेंगे।
कोलकाता में 12 जनवरी से शुरू हुई राष्ट्रीय एकता यात्रा में शामिल भाजपा कार्यकर्ता सोमवार को जम्मू एवं कश्मीर में प्रवेश के लिए कमर कसे हुए हैं।
पंजाब सीमा पर तैनात पुलिसकर्मी किसी भी वाहन या भाजपा के यात्री को राज्य में प्रवेश करने की इजाजत नहीं देंगे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "यदि जरूरत हुई तो बल का प्रयोग भी किया जाएगा।"
उन्होंने हालांकि यह जानकारी नहीं दी कि भाजपा के यात्रियों को रोकने के लिए किस स्तर के बल का प्रयोग किया किया जाएगा।
सूत्र ने बताया कि पुलिस के दस्तों को आंसूगैस के सैकड़ों गोले मुहैया कराए गए हैं। संभव है कि भाजपा के यात्रियों के खिलाफ व्यापक पैमाने पर अधिक प्राणघातक हथियारों का इस्तेमाल किया जाए।
भाजपा की यात्रा से जम्मू एवं कश्मीर में हिंसा की आग न भड़क उठे, इसलिए एहतियात के तौर पर पुलिस की तैनाती पूरी कर ली गई है। वहीं भाजपा ने घोषणा की है कि वह श्रीनगर के ऐतिहासिक लाल चौक पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की योजना से पीछे नहीं हटेगी।
भाजपा क युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की राज्य इकाई के अध्यक्ष मुनीश शर्मा ने कहा, "हम जानना चाहते हैं कि झंडा फहराने में क्या बुराई है।" उन्होंेने संवाददाताओं से कहा, "हम जो करने जा रहे हैं, भारतीय होने के नाते यह हमारा अधिकार है। कोई हमें ऐसा करने से रोक नहीं सकता।"
उल्लेखनीय है कि भाजपा की यात्रा के जवाब में अलगाववादियों ने भी 26 जनवरी को श्रीनगर के लाल चौक पर काला झंडा फहराने तथा प्रदर्शन करने का एलान किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications