'फिलाटेली फेस्ट' में रुचि ले रहे बच्चे

नई दिल्ली, 22 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय डाक विभाग द्वारा दिल्ली एवं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के 24 स्कूलों में शुरू किए गए 'फिलाटेली फेस्ट' अभियान में बच्चे काफी रुचि ले रहे हैं। दो सप्ताह का यह मेला 19 जनवरी को शुरू हुआ था जो चार फरवरी तक चलेगा। प्रत्येक व्यक्ति को डाक टिकट के बारे में जानकारी देना इस मेले का लक्ष्य है।

डाक विभाग की विज्ञप्ति के अनुसार स्कूलों में डाक टिकट कार्यशालाओं का आयोजन भी होगा। ये कार्यशालाएं स्कूली बच्चों में डाक टिकट संग्रह के प्रति रुचि उत्पन्न करने और डाक टिकट को अपने जीवन का एक हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित करने में सहायक होंगी।

डाक विभाग अगले माह विश्व फिलाटेलिक प्रदर्शनी इंडिपेक्स-2011 शुरू होने के पूर्व इस मेले का आयोजन इसलिए कर रहा है, ताकि स्कूली बच्चों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों में विश्व प्रदर्शनी के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़े।

इंडिपेक्स-2011 आयोजन समिति की अध्यक्ष कावेरी वाजपेयी का कहना है, "डाक विभाग ने विश्व प्रदर्शनी की खास विशेषताओं से बच्चों को परिचित कराने लिए यह अनूठी पहल की है।"

उन्होंने कहा, "डाक टिकटों का अध्ययन विभिन्न संस्कृतियों, कलाओं एवं प्रकृति से रूबरू कराता है, जिससे यह मनोरंजक एवं शिक्षाप्रद गतिविधि बन जाती है।"

कावेरी ने कहा, "जिन स्कूलों में पहले से ही फिलाटेली क्लब मौजूद हैं, उन क्लबों की गतिविधियों को अधिक विस्तारित करना चाहते हैं। इसके अलावा जिन स्कूलों में क्लब नहीं है, हम चाहते हैं कि ऐसे स्कूल अपने छात्रों को फिलाटेली से परिचित कराएं और उन्हें इस आनंदप्रद शौक को अपने जीवन में शामिल को प्रेरित करें।"

विज्ञप्ति के मुताबिक स्कूली छात्रों को डिजाइन किए गए बुक मार्क, बुक लेबल्स, बुक टाइम टेबल विशेष उपहारों के रूप में दिए जाएंगे। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में प्रश्नों के सही उत्तर देने वाले बच्चों को स्टाम्प स्टार्टअप किटें दी जाएंगी।

इस अभियान का हिस्सा बनने वाले स्कूलों में मायापुरी स्थित टैगोर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, धौला कुआं स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल, दिल्ली कैंट स्थित लोरेटो कान्वेंट स्कूल, वसंत कुंज स्थित रेयान इंटरनेशनल स्कूल तथा गुड़गांव स्थित रोटरी पब्लिक स्कूल भी शामिल हैं।

कावेरी ने बताया कि इंडिपेक्स-2011 प्रदर्शनी यहां 12 से 18 फरवरी तक आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य डाक टिकट प्रेमी अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को एक मंच पर लाना और डाक टिकट संग्रह से जुड़े सभी पक्षों, संग्रहकर्ताओं, डीलरों, फिलाटेलिक पत्रकारों, प्रकाशकों एवं डिजाइनरों को आपसी मेलजोल के लिए एक अनूठा प्लेटफार्म उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शनी व्यापक प्रतिस्पर्धी होगी, जिसमें पूरे विश्व के कुछ उत्कृष्ट और दुर्लभतम टिकट संग्रह प्रदर्शित किए जाएंगे। प्रदर्शनी में 70 से अधिक देशों के 500 विदेशी प्रतिनिधिमंडल और लगभग 5,000 स्कूली बच्चे भागीदारी करेंगे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+