पवार सहित पांच मंत्रियों ने कार्यभार संभाला
नई दिल्ली, 22 जनवरी (आईएएनएस)। शरद पवार सहित चार केंद्रीय मंत्रियों ने शुक्रवार को नए मंत्रालय का कार्यभार ग्रहण किया और उन्होंने मंत्रालय की कार्य प्रणाली का जायजा भी लिया। कार्यभार ग्रहण करने वाले मंत्रियों में भारत सिंह सोलंकी, हरीश रावत, अश्वनी कुमार आर.पी.एन. सिंह भी शामिल हैं।
केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार ने खाद्य प्रसंस्करण मंत्री का कार्यभार और सोलंकी ने रेल मंत्रालय में राज्य मंत्री का कार्यभार संभाला।
सोलंकी इससे पहले ऊर्जा मंत्रालय में 2009 से राज्य मंत्री पद पर आसीन थे। वह संसद में गुजरात के आणंद लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने नया पदभार संभालने के अवसर पर संवादाताओं से बात करते हुए कहा कि रेलवे आम लोगों से जुड़ा सेवा क्षेत्र है और उसे लोगों की आपेक्षाएं पूरी करनी होंगी। साथ ही समय पालन, सफाई और यात्रियों से जुड़ी अन्य समस्याओं का समाधान नितांत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि सभी जारी परियोजनाएं पूरी करने के लिए जनवरी से मार्च की वर्तमान तिमाही अत्यंत निर्णायक है और देश के सकल घरेलू उत्पाद की विकास की नौ प्रतिशत दर का लक्ष्य पूरा करने के लिए रेलवे में सुधार बहुत जरूरी है।
हरीश रावत ने खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाली। रावत इससे पहले श्रम व रोजगार मंत्रालय में राज्य मंत्री थे। इस अवसर पर मंत्रालय में सचिव अशोक सिन्हा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। वर्ष 2009 के आम चुनाव में वे कांग्रेस की ओर से हरिद्वार लोकसभा सीट से चुने गए थे।
विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के लिए राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार ग्रहण करते हुए अश्वनी कुमार ने कहा कि देश में अधिकाधिक छात्रों के बीच वैज्ञानिक मेधाविता विकसित करने की जरूरत है।
संवाददाताओं के साथ संक्षिप्त वार्ता के दौरान उन्होंने अनुसंधान के लाभों को समुदायों और विशेषकर किसानों तक ले जाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जैव-प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अनुसंधान और विकास से किसानों को अधिक पैदावार प्राप्त करने में मदद मिलेगी और मौसम विज्ञान विभाग को उन्हें सूखे या भारी वर्षा की स्थिति से छुटकारा पाने के लिए समय पर सूचना देना चाहिए।
मंत्री ने विदेश में कार्यरत भारतीय प्रतिभाओं को वापस लाने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि श्रेष्ठ भारतीय प्रतिभाओं को अपने देश में काम करने के लिए सही वातावरण मिले।
आर.पी.एन.सिंह ने कारपोरेट मामलों के मंत्रालय में राज्य मंत्री का पदभार संभाल लिया। इस अवसर पर कारपोरेट सचिव आऱ बंद्योपाध्याय तथा मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
उल्लेखनीय है कि सिंह को पेट्रोलियम तथा प्राकृतिक गैस मंत्रालय में भी राज्य मंत्री के पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले वह सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय में राज्य मंत्री के पद पर आसीन थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications