बाढ़ प्रभावित 40 लाख पाकिस्तानी अभी भी बेघर : रेड क्रॉस
समाचार पत्र 'न्यूज इंटरनेशल' के अनुसार 'इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ द रेड क्रॉस एण्ड रेड क्रिसेंट सोसायटीज' (आईएफआरसी) ने कहा, "पाकिस्तान में आई विनाशाकारी बाढ़ के छह महीने बाद भी पर्याप्त रैन बसेरा न होने की वजह से 40 लाख से अधिक लोग बेघर हैं।"
उचित इंतजाम न होने के कारण बाढ़ पीड़ित परिवार अब अस्थाई रैन बसेरा और शिविरों को छोड़कर अपने घरों की तलाश में जाने लगे हैं।
पाकिस्तान में आईएफआरसी के बाढ़ राहत कार्यक्रम की संयोजक गोचा गुचाश्विली ने कहा, "भीषण और निर्दयी बाढ़ के कारण लाखों लोग बेघर हो गए। सभी लोग महीनों से शिविरों में दयनीय हालात में रह रहे हैं।"
गौरतलब है कि पिछले साल जुलाई-अगस्त में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ से 2.1 करोड़ लोग प्रभावित हुए थे और 17 लाख मकान व 54 लाख एकड़ की फसलें बरबाद हो गई थीं।
गुचाश्विली ने कहा, "अब बाढ़ पीड़ित लोग घर लौट रहे हैं। उनके मकान, खेत और आजीविका के साधन सब कुछ तहस-नहस हो गए हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications