प्रशंसकों की भीड़ में फंसे खली, गोली चलने से 2 घायल
लुधियाना के पुलिस निरीक्षक सुरिंद्र मोहन ने आईएएनएस को बताया, "खली शुक्रवार रात को पंजाब विधानसभा के उपाध्यक्ष सतपाल गोसैन के घर रात्रिभोज के लिए गए थे। जब वह उनके घर से बाहर निकले तो प्रशंसकों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया। प्रशंसक उनके फोटोग्राफ लेने के लिए बेकाबू हो गए थे।"
उन्होंने कहा, "इसी दौरान कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने हवा में गोलियां चलाईं जिससे गोलियों के कुछ छर्रे दो लोगों को लगे। एक व्यक्ति को कंधे में छर्रा लगा है और दूसरे को हल्की चोट आई है।"
खली अपने प्रशंसकों में ग्रेट खली के नाम से मशहूर हैं। हिमाचल प्रदेश के धिराना गांव में जन्मे खली का वास्तविक नाम दिलीप सिंह राणा है। खली बॉलीवुड और हॉलीवुड की कुछ फिल्मों के अलावा रियल्टी टीवी शो बिग बॉस में भी हिस्सा ले चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications