श्रीनगर में तिरंगा फहराना सर्वदलीय कार्यक्रम होना चाहिए : गडकरी
पांच दिनों की चीन यात्रा पर बीजिंग पहुंचे गडकरी ने यहां भारतीय पत्रकारों से चर्चा में कहा, "जम्मू एवं कश्मीर में भाजपा के मुस्लिम कार्यकर्ता यात्रा का समर्थन कर रहे हैं क्योंकि अपने ही देश में तिरंगा फहराने में कुछ भी गलत नहीं है।"
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "मझे नहीं लगता कि इस यात्रा से सुरक्षा में कोई समस्या आएगी। सुरक्षा मुहैया कराना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है और यह हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है कि वह देश में कहीं भी तिरंगा फहराने के लिए स्वतंत्र महसूस करे।"
गडकरी ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति देने के राज्यपाल हंसराज भारद्वाज के फैसले की कड़ी आलोचना की।
उन्होंने कहा, "यह राजनीति से प्रेरित कदम है जिसके पीछे कांग्रेस पार्टी है।"
राज्यपाल के संवैधानिक पद का कथित तौर पर दुरुपयोग करने के लिए उन्होंने कांग्रेस की आलोचना की और आरोप लगाया, "राजनीतिक फायदे के लिए कांग्रेस राज्यपाल के पद का ठीक उसी तरह दुरुपयोग कर रही है, जिस तरह अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों से निपटने के लिए वह केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) का इस्तेमाल करती है।"
येदियुरप्पा का बचाव करते हुए गडकरी ने कहा कि यदि येदियुरप्पा ने जमीन आवंटन में अपने विवेकाधिकार का इस्तेमाल किया और वह गलत हैं तो राज्यपाल को उन पूर्व मुख्यमंत्रियों के खिलाफ भी कार्रवाई करनी चाहिए थी जिन्होंने ऐसे कदम उठाए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications