आतंकवाद रोके बिना पाकिस्तान से वार्ता नहीं: गडकरी
बीजिंग में पत्रकारों से बात करते हुए गडकरी ने कहा कि पाकिस्तान मुम्बई हमले के षड्यंत्रकारियों को सजा दिलाने में नाकाम रहा है। उन्होंने कहा कि यदि पाकिस्तान भारत के खिलाफ आतंकवाद को बढ़ावा देना बंद नहीं करता तो उससे किसी भी तरह की वार्ता अर्थहीन होगी।
चीन के पांच दिवसीय दौरे पर पहुंचे गडकरी ने कहा कि उन्होंने भाजपा की प्रमुख चिंताओं सहित विभिन्न मुद्दों पर चीन के नेताओं से बातचीत की। उन्होंने कहा कि इस दौरे से उन्हें नत्थी वीजा, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में चीन की गतिविधियों, लद्दाख में घुसपैठ और ब्रह्मपुत्र नदी जल मुद्दे पर चीन के नेताओं को अपनी चिंताओं से अवगत कराने का अवसर मिला है।
चीन में विकास के प्रारूप के सम्बंध में सवाल पूछे जाने पर गडकरी ने कहा, "हम विकास के साथ लोकतंत्र चाहते हैं। लोकतंत्र की कीमत पर हम विकास नहीं चाहते।"
उन्होंने कहा कि भारत में इस बात को लेकर आम सहमति है कि केंद्र सरकार को चीन के साथ वैयक्तिक संबंधों में वृद्धि करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चीन की सत्ताधारी कम्युनिस्ट पार्टी से भी संबंध बढ़ाने के पक्ष में है इससे दोनों देशों के आपसी सम्बंधों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार नालंदा विश्वविद्यालय के विकास के प्रयासों में चीन का सहयोग बढ़ाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications