विधायक की हत्या की आरोपी रूपम पर बनेगी फिल्म
बलात्कार और यौन शोषण के आरोपी विधायक केसरी की गत चार जनवरी को हुई हत्या के कुछ ही दिनों बाद इस विषय पर फिल्म बनाए जाने की सुगबुगाहट शुरू हो गई थी। पटना पहुंचे फिल्म निर्माता बालकृष्ण की मानें तो घटना के बाद से ही मायानगरी में यह मामला चर्चा में था।
उन्होंने शनिवार को पटना में बताया कि मुंबई के शिवालय प्रोडक्शन की टीम पिछले चार-पांच दिनों से पूर्णिया और पटना का दौरा कर रही है तथा रूपम और विधायक के नजदीकी लोगों से मिल रही है। उन्होंने बताया कि रूपम के जीवन पर आधारित फिल्म का नाम 'राजचरित्र' रखा जाएगा जो पूरी तरह लोगों को जागरुक करने वाली फिल्म होगी।
फिल्म में महिलाओं पर किए गए अत्याचार, सत्ता और सेक्स को आधार बनाकर कहानी लिखी गई है। बालकृष्ण के अनुसार इस प्रोडक्शन ने अब तक छह फिल्में बनाई हैं। उन्होंने कहा कि इस फिल्म में महिलाओं के कुछ अन्य मुद्दो को भी उठाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि एक विद्यालय की शिक्षिका रूपम ने चार जनवरी को विधायक केसरी की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। रूपम ने विधायक पर यौन शोषण और बलात्कार का आरोप लगाया है। गौरतलब है कि रूपम विधायक की हत्या के आरोप में इन दिनों पूर्णिया जेल में बंद है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications