जम्मू कूच करेंगे उत्तराखण्ड के भाजयुमो कार्यकर्ता
देहरादून, 20 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तराखण्ड से भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के 10 हजार से अधिक कार्यकर्ता जम्मू एवं कश्मीर के श्रीनगर स्थित लाल चौक पहुंचकर 26 जनवरी को तिरंगा फहराएंगे। अकेले गढ़वाल मंडल से साढ़े पांच हजार से अधिक कार्यकर्ता जम्मू कूच करेंगे।
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष विनोद कण्डारी ने गुरुवार को बताया कि 25 जनवरी को जम्मू में एक जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी की ओर से 10 हजार कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य से लगभग 218 बसें जम्मू को रवाना होंगी।
कण्डारी ने बताया कि 24 जनवरी को देहरादून से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल उन्हें तिरंगा सौपेंगे। उन्होंने कहा कि तिरंगा झंडे को फहराने का अधिकार देश के हर नागरिक को है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications