बस का पहिया खुला, टक्कर से 2 बच्चियों की मौत
अलीगढ़, 21 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार बस का पहिया अचानक खुलकर बाहर आ गया और उसकी टक्कर से सड़क किनारे खेल रहीं दो नाबालिग बहनों की मौत हो गई।
यह हादसा जिले के क्वारसी थाना क्षेत्र के नगलापटवारी गांव में शुक्रवार शाम उस समय हुआ, जब बदायूं जा रही एक तेज रफ्तार निजी बस का धुरा टूटने से आगे का एक पहिया अचानक खुलकर बाहर निकल गया।
क्वारसी थाना प्रभारी उदयवीर मलिक ने संवाददाताओं को बताया कि बस से निकले पहिए की रफ्तार इतनी तेज थी कि सड़क किनारे खेल रहीं दोनों बहनें शहाना (5) और तन्हा (4) उसकी चपेट में आने से बुरी तरह से घायल हो गईं। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मलिक ने कहा कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। बस में तीन-चार लोग सवार थे, जिन्हें चोट नहीं आई। उन्होंने कहा कि फरार चालक की तलाश की जा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications