चीनी नागरिक न्यायिक हिरासत में भेजे गए
बहराइच, 21 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बहराइच की एक स्थानीय अदालत ने 17 जनवरी को नेपाल सीमा पर गिरफ्तार किए गए तीन चीनी नागरिकों को शुक्रवार को 10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश बहराइच की मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत ने दिए।
बहराइच के रुपईडीहा चेक पोस्ट के पास करीब 35 वर्ष उम्र के इन चीनी नागरिकों को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने सोमवार को उस समय पकड़ा था, जब ये एसएसबी कैंप की फोटो खींच रहे थे।
गिरफ्तार चीनी नागरिकों में एक महिला भी शामिल है। इन सभी ने दावा किया है कि वे मोबाइल टावर लगाने वाली चीनी कंपनी हुवाई में इंजीनियर हैं, जो नेपाल में मोबाइल टावर लगाने का काम कर रही है।
बहराइच के पुलिस अधीक्षक संजय कक्कड़ के मुताबिक तीनों को बिना पासपोर्ट और वीजा के भारतीय सीमा में प्रवेश करने के आरोप में पकड़ा गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications