आईएनएस दीपक से नौसेना की क्षमता में इजाफा (लीड-1)

मुम्बई, 21 जनवरी (आईएएनएस)। बीच समुद्र में युद्धपोतों में ईंधन भरने में सक्षम टैंकर आईएनएस दीपक को नौसेना ने शुक्रवार को अपने बेड़े में शामिल कर लिया। इससे नौसेना की मारक एवं सामरिक क्षमताओं में और इजाफा होगा। बीच समुद्र में युद्धपोतों में ईंधन भरने में सक्षम यह तीसरा टैंकर है।

इटली द्वारा निर्मित इस टैंकर के बेड़े में शामिल होने के बाद नौसेना के युद्धपोत समुद्र में लम्बे समय तक अपना अभियान चला सकेंगे। उन्हें दोबारा ईंधन भरवाने के लिए बंदरगाह पर नहीं लौटना होगा।

एक ईंधन भरने वाला टैंकर युद्धपोतों के लिए उतना ही महत्वपूर्ण है जितना कि लड़ाकू विमानों के लिए हवा में ईंधन की आपूर्ति करने वाले ईंधन विमान।

रक्षा मंत्री ए.के. एंटनी ने आईएनएस दीपक को औपचारिक रूप से नौसेना में शामिल करने से पहले इसका नौसेना के डाकयार्ड पर अनावरण किया।

इस मौके पर उन्होंने कहा, "यह भारतीय नौसेना के लिए महत्वपूर्ण क्षण है और भारत की समुद्री सीमा की सुरक्षा मजबूत करने के लिए वर्ष 2011 में और युद्धपोतों और टैंकरों को शामिल किया जाएगा।"

टैंकर आईएनएस दीपक एक साथ पांच युद्धपोतों में प्रतिघंटे 1500 टन ईंधन भर सकता है। जबकि नौसेना के बेड़े में पहले से शामिल आईएनएस ज्योति और आईएनएस आदित्य टैंकरों की क्षमता प्रतिघंटे 300 टन ईंधन भरने की है।

इस युद्धपोत टैंकर में लड़ाकू विमानों की भी सुविधाएं हैं। इस पर से कई तरह के हेलीकॉप्टरों को भी संचालित किया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि 27,500 टन वजन को विस्थापित करने में सक्षम 175 मीटर लम्बे युद्धपोत में चार एके 630 बंदूकों, एक चाफ लांचर प्रणाली को लगाया गया है।

इनके अलावा टैंकर युद्धपोत में 10,000 समुद्री मील की दूरी तक 16 समुद्री मील की गति से निगरानी करने वाले इलेक्ट्रानिक उपकरण को लगाया गया है।

इस टैंकर का निर्माण इटली की कम्पनी फिनकांटिएरी ने रिकॉर्ड 27 महीनों में किया है।

नौसेना के एक प्रवक्ता ने कहा, "ईंधन भरने वाले टैंकर सामरिक क्षमता को बढ़ाने के साथ ही युद्धपोतों को बिना रुके आगे बढ़ाने में मददगार होंगे। यह नौसेना की मारक क्षमता का आवश्यक घटक होगा।"

प्रवक्ता ने बताया कि टैंकरों का इस्तेमाल बचाव एवं आपदा राहत के लिए भी हो सकता है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+