मंत्रियों ने सम्भाला कामकाज, गिनाईं प्राथमिकताएं (राउंडअप)

ग्रामीण विकास मंत्रालय की जिम्मेदारी सम्भालने के बाद विलासराव देशमुख ने अपनी नई पारी को 'पदोन्नति' बताया।

पत्रकारों से बातचीत में देशमुख ने कहा कि सूदखूरों के साथ उनके सम्बंधों पर सर्वोच्च न्यायालय की टिप्पणी 'एक अलग मामला' है। उन्होंने अपने विभाग और महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्याओं के बीच किसी सम्बंध से इंकार किया।

पूर्व पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा ने शास्त्री भवन में कार्पोरेट मंत्रालय का पदभार सम्भाल लिया। इस मौके पर पूर्व कार्पोरेट मंत्री सलमान खुर्शीद के अलावा मंत्रालय के सचिव आर. बंदोपाध्याय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

इसके पहले देवड़ा के पास पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय था। पेट्रोलियम मंत्रालय की जिम्मेदारी एस. जयपाल रेड्डी को सौंपी गई है।

सूत्रों ने बताया कि महंगाई के मुद्दे पर घिरी संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार देवड़ा के कामकाज से खुश नहीं थी, जिसके चलते उन्हें पेट्रोलियम मंत्रालय से जाना पड़ा।

इसके पहले देवड़ा को संप्रग सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान वर्ष 2006 में पेट्रोलियम मंत्री बनाया गया। इसके बाद संप्रग सरकार के दूसरे कार्यकाल में भी देवड़ा को पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

संस्कृति मंत्रालय की जिम्मेदारी संभालने के बाद कुमारी शैलजा ने कहा कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) जैसे संगठनों के लिए संसाधन जुटाने के लिए वह विशेष रूप से ध्यान देंगी।

उन्होंने कहा, "मैं एएसआई जैसे संगठनों की समस्याओं को सुधारने का प्रयास करूंगी। ये संगठन लोगों की कमी, कानूनी सहायता और कोष के अभाव के बावजूद अच्छा काम कर रहे हैं।"

उन्होंने कहा कि संगठनों में मानव संसाधन को बढ़ाना भी उनका लक्ष्य होगा क्योंकि इनमें प्रशिक्षित कर्मियों की कमी है।

उन्होंने कहा, "कार्यसूची में जनशक्ति बढ़ाना निश्चित रूप से शामिल है।"

ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार की मंत्रिपरिषद में बुधवार को हुए फेरबदल में आवास एवं शहरी गरीबी उन्मूलन मंत्री कुमारी शैलजा को संस्कृति मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया।

उनसे पर्यटन मंत्रालय लेकर सुबोध कांत सहाय को इसकी जिम्मेदारी दी गई। सहाय के पास पहले खाद्य प्रसंस्करण उद्योग विभाग था।

शैलजा ने कहा, "प्रदर्शन एवं शास्त्रीय कलाओं को बढ़ावा देने और विभिन्न अकादमियों को प्रोत्साहित करने पर भी वह प्रमुखता से ध्यान देंगी।"

केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अजय माकन ने मंत्रालय की जिम्मेदारी सम्भालने के बाद कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों से जुड़े विवादों का निपटारा करने में खेल मंत्रालय की 'अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका' है।

माकन ने टेलीविजन चैनल 'एनडीटीवी' से कहा, "खेल मंत्रालय की बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका है और जो कुछ भी हमें सौंपा गया है उसकी भूमिका अथवा जिम्मेदारी से हम इंकार नहीं करते हैं।"

उन्होंने कहा, "जहां तक विवादों का सवाल है उसमें एक केंद्रीय मंत्रालय होने के नाते इस मंत्रालय की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका है।"

ज्ञात हो कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सरकार की मंत्रिपरिषद में बुधवार को हुए फेरबदल में माकन ने खेल मंत्री एम.एस. गिल की जगह ली है।

माना जा रहा है कि राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन में भ्रष्टाचार सामने आने पर मंत्रालय में यह तब्दीली की गई। हाल ही में आस्ट्रेलिया ने विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा के समक्ष लंबित भुगतान का मामाल उठाया है।

माकन ने हालांकि कहा कि इस सम्बंध में पूरी जानकारी लेने के बाद वह अगली कार्रवाई के बारे में ब्योरा दे सकते हैं।

सड़क एवं परिवहन मंत्री सी.पी. जोशी ने कहा कि उन्नत सड़कों के निर्माण के लिए उनका मंत्रालय नई प्रौद्योगिकियों के इस्तेमाल का बढ़ावा देगा। इसके अलावा मंत्रालय के कामकाज में पारदर्शिता लाई जाएगी।

इनके अलावा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री तुषारभाई चौधरी और गृह राज्य मंत्री गुरुदास कामत ने अपना कार्यभार ग्रहण किया।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+