मप्र में 5वें किसान ने किया आत्महत्या का प्रयास
दमोह, 20 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले में फसल बर्बाद होने से हताश एक और किसान ने कीटनाशक पीकर जान देने की कोशिश की। उसे गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक घुटरिया गैसाबाद के किसान रामसेवक (60 वर्ष) शीत लहर के चलते फसल बर्बाद होने से परेशान था, साथ ही उस पर कर्ज का बोझ भी है। तनाव की हालत में उसने गुरुवार को कीटनाशक पी लिया। उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
रामसेवक के बेटे बैजनाथ का कहना है कि उसके पिता ने पटवारी के माध्यम से एक ट्रैक्टर खरीदा था। उसके एवज में वह 60 हजार रुपये चुकता कर चुका है, इसके बावजूद विक्रेता ट्रैक्टर उठा ले गए, जिस कारण वह परेशान था।
ज्ञात हो कि प्रदेश में अब तक आठ किसान फसल बर्बाद होने व कर्ज के चलते आत्महत्या कर चुके हैं, वहीं पांच ने आत्महत्या की कोशिश की है। प्रदेश सरकार ने किसानों को समस्याओं से उबारने के लिए एक प्रतिशत ब्याज दर पर कर्ज, एक साल का लगान माफ करने जैसी कई घोषणाएं की हैं, फिर भी किसानों की आत्महत्या और आत्महत्या के प्रयास का सिलसिला थम नहीं रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे


Click it and Unblock the Notifications