दिल्ली में उड़ाया जा रहा कानून का मखौल : विहिप
नई दिल्ली। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) की दिल्ली इकाई के महामंत्री सत्येंद्र मोहन ने कहा है कि अवैध रूप से बनी मस्जिद को गिराने के मामले में कानून का साथ दिया जाना चाहिए, लेकिन दक्षिणी दिल्ली के जंगपुरा में कानून की धज्जियां उड़ा उड़ाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि न्याय व्यवस्था का मखौल उड़ाने में इमाम बुखारी, समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख मुलायम सिंह यादव से लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित तक शामिल हैं।
वहीं विहिप (दिल्ली) के मीडिया प्रमुख विनोद बंसल ने कहा कि एक सप्ताह से अधिक समय बीत गया, लेकिन जंगपुरा में कानून का राज कायम नहीं हो पा रहा है। वैसे तो किसी अवैध मस्जिद को गिराने की किसी सरकारी एजेंसी में हिम्मत ही नहीं हो पाती थी, लेकिन जब उच्च न्यायालय के बार-बार कहने पर अवैध निर्माण को गिरा दिया गया तो कम से कम राजनेताओं को तो कानून का साथ देना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि जिस दिन जंगपुरा में अवैध निर्माण गिराया गया था, उसी दिन दक्षिणी दिल्ली के पुष्प विहार स्थित एक मंदिर की पवित्रता भंग कर उसे भी सरकारी एजेंसियों ने तोड़ा था। विहिप का कहना है कि राजधानी में गत कुछ महीनों के दौरान अवैध रूप से बने कई मंदिरों को तोड़ा गया, लेकिन दिल्ली की मुख्यमंत्री व अन्य नेताओं में से कोई भी हिंदुओं का दुखड़ा सुनने नहीं आया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications