विहिप ने राम मंदिर का चंदा खाया : दिग्विजय (लीड-1)
भोपाल, 20 (आईएएनएस)। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह ने विश्व हिंदू परिषद और अशोक सिंघल पर राम मंदिर का चंदा खाने का आरोप लगाते हुए उनसे चंदे का हिसाब मांगा है।
भोपाल दौरे पर आए सिंह ने गुरुवार को संवाददाताओं से कहा कि सिंघल ने द्वारिका पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की है, जिसकी वह निंदा करते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि शकंराचार्य के शिष्य हर जगह सिंघल का विरोध करेंगे। ज्ञात हो कि दिग्विजय स्वयं शंकराचार्य के शिष्य हैं।
सिंह ने मध्य प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार में डूबे होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश के अफसरों के यहां अरबों की सम्पत्ति मिल रही है तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि मंत्रियों के पास कितनी सम्पत्ति होगी।
उन्होंने कहा, "इस बात की जांच होनी चाहिए कि इन मंत्रियों के पास वर्ष 2003 में कितनी सम्पत्ति थी और 2010 में कितनी है। इस जांच से पता चलेगा कि मंत्रियों के पास सैकड़ों करोड़ रुपये की सम्पत्ति है। इस स्थिति में अंदाजा लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री के पास कितनी सम्पत्ति होगी।"
सिंह ने कहा कि मंत्रियों के भ्रष्टाचार में लिप्त होने का खुलासा इस बात से होता है कि आयकर विभाग ने जिस मंत्री (अजय विश्नोई) को कमीशनखोर कहा है, उसे दोबारा मंत्री बनाया गया, क्योंकि शिवराज सरकार बिना कमीशन लिए कोई काम नहीं करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मंत्रियों से लेकर बल्लभ भवन (प्रशासनिक भवन) तक भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे हुए हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी द्वारा 'चिल्हर' बताए जाने पर सिंह ने कहा, "मध्य प्रदेश के 10 साल मुख्यमंत्री और पांच साल मंत्री रहने के बाद भी मेरे पास चिल्हर ही चिल्हर हैं और गडकरी जो कुछ समय मंत्री रहे और उन्होंने एक भी चुनाव नहीं जीता, आज वह खरबपति हो गए हैं। उनमें और हम में यही फर्क है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications