उत्तर व पूर्वी भारत में सर्दी से मामूली राहत (राउंडअप)
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को तापमान में बढ़ोतरी की वजह से लोगों ने सर्दी से मामूली राहत महसूस की। इसी तरह से राजस्थान में भी तापमान में वृद्धि देखी गई और बीकानेर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं चुरु और श्रीगंगानगर दोनों शहरों में तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
उत्तर प्रदेश में दिन में धूप खिलने से लोगों को मामूली राहत मिली हालांकि पर्वतीय इलाकों से आने वाली बर्फीली हवाओं के कारण सर्दी का असर कम नहीं हो रहा है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि धूप निकलने से लोगों को दिन में सर्दी से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन रातें अभी भी काफी सर्द रहेंगी। अभी अगले कुछ दिनों तक सर्दी से राहत मिलने के आसार नही हैं।
बिजनौर गुरुवार को राज्य का सबसे सर्द स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से करीब चार डिग्री सेल्सियस कम था। कानपुर का न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री और वाराणसी का 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम था। प्रदेश में इस साल अब तक सर्दी से करीब 131 लोगों की मौत हो चुकी है।
कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र में बर्फीली हवाओं के जारी रहने और नलों में पानी जमने से लोगों की समस्याएं बढ़ गई हैं। श्रीनगर मौसम विभाग के अधिकारी ए.आर. जरगर ने आईएएनएस से बताया, "श्रीनगर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"
उन्होंने बताया, "गुलमर्ग और पहलगाम में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से 11.6 डिग्री और 11.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लद्दाख क्षेत्र के लेह में यह शून्य से 17 डिग्री सेल्सियस रहा और कारगिल में न्यूनतम तापमान शून्य से 18 डिग्री नीचे दर्ज किया।"
जरगर ने कहा कि आने वाले दो दिनों में घाटी में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। उन्होंने कहा, "रात में बादल छाए रहने की संभावना है और इससे अगले दो दिनों में तापमान में बढ़ोतरी की उम्मीद है।" घाटी के अधिकतर शहरों में नलों में पानी जमने की वजह से लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
श्रीनगर में रहने वाले 29 वर्षीय मुश्ताक अहमद ने बताया, "मैं सुबह जब नल के नीचे आग जला रहा था उसी दौरान जल आपूर्ति वाली पाइप फट गई। मुझे नया पाइप लगवाना होगा।"
पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश के तवांग और अन्य जिलों में भारी बर्फबारी की वजह से आम जनजीव प्रभावित हुआ है। तवांग शहर के ऊपर कई फुट तक बर्फ गिरी है। इसकी वजह से शहर में संचार व्यवस्था, जल एवं बिजली आपूर्ति बाधित हुई है।
मध्य प्रदेश में सर्दी से राहत के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अभी भी न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस के नीचे बना हुआ हैं। सबसे सर्द स्थान नौगांव व दतिया रहा, जहां न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसकी वजह से अभी भी लोग ठिठुरे हुए नजर आ रहे हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में दिन का तापमान एक से दो डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की वजह से देखा जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications