चीन से सौहार्दपूर्ण सम्बंधों पर सर्वसम्मति : गडकरी
गडकरी बुधवार को पांच दिवसीय यात्रा पर बीजिंग पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह विविध मुद्दों पर चर्चा करने के लिए चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मुलाकात करने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष के साथ उनकी पत्नी कंचन और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का प्रतिनिधिमंडल भी चीन आया है। गडकरी भाजपा के पहले अध्यक्ष हैं जो सद्भावना यात्रा पर चीन पहुंचे हैं।
गडकरी ने कहा, "मुझे चीन के नेताओं से मुलाकात करने के लिए अपने इस विशाल पड़ोसी देश आकर प्रसन्नता हो रही है। हमारी चीन के साथ 3,500 किलोमीटर लम्बी सीमा है। दोनों देशों की सभ्याताओं के बीच 1,600 साल से ज्यादा पुराना नाता है।"
गडकरी ने एक बयान जारी कर कहा, "बीते कई वर्षो में दोनों देशों के बीच रिश्ते और परिपक्व हुए हैं और अब ये सम्बंध बहुमुखी हो गए हैं। भारत में सभी राजनीतिक दलों के बीच इस बात को लेकर आम सहमति है कि चीन के लोगों के साथ सहयोगपूर्ण और सौहार्दपूर्ण सम्बंध आवश्यक है। "
वर्ष 2003 में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की ऐतिहासिक यात्रा का उल्लेख करते हुए गडकरी ने कहा कि वाजपेयी की यात्रा लाभकारी साबित हुई थी। उसी यात्रा के दौरान दोनों देशों में भारत-चीन सीमा के मसले पर दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के विशेष प्रतिनिधियों पर सहमति बनी थी।
उल्लेखनीय है कि अपनी पांच दिवसीय यात्रा के दौरान गडकरी शंघाई और क्वांगचो का भी दौरा करेंगे। बीजिंग में गडकरी चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के नौ वरिष्ठ नेताओं में से एक ली चेंग्चुन से भी भेंट करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications