जेपीसी पर गतिरोध दूर करने को तैयार : प्रधानमंत्री
यह पूछे जाने पर कि विपक्ष की जेपीसी की मांग से उत्पन्न गतिरोध कैसे दूर होगा, सिंह ने संवाददाताओं से कहा, "जहां तक जेपीसी का सवाल है, हमारी सरकार हर संभव उपाय करने को तैयार है।"
गौरतलब है कि विपक्ष जेपीसी की मांग पर अब भी अड़ा हुआ है। इसी मांग के कारण संसद के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही लगभग ठप पड़ गई थी।
प्रधानमंत्री ने कहा, "हम चाहते हैं कि संसद की कार्यवाही चले और सभी समस्याओं पर संसद में बहस हो। बहस के लिए उठाए जाने वाले किसी भी विषय से हम भयभीत नहीं हैं।"
उन्होंने कहा, "संसद बहस का ही मंच है।"
गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं वाम दल 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले की जेपीसी से जांच की मांग पर अड़े हुए हैं। यदि ये दल नरम नहीं पड़े तो संभव है कि संसद के महत्वपूर्ण बजट सत्र में भी कोई कार्यवाही शायद ही चल पाए।
इससे पहले इसी माह मनमोहन सिंह ने कहा था कि वह 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन मामले को देख रही संसद की लोक लेखा समिति (पीएसी) के समक्ष पेश होने को तैयार हैं।
उल्लेखनीय है कि इसी मुद्दे के कारण द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) नेता ए.राजा को पिछले वर्ष नवम्बर में केंद्रीय दूरसंचार मंत्री का पद छोड़ना पड़ा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications