उत्तर भारत में सर्दी से राहत के आसार नहीं (राउंडअप)
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में पर्वतीय इलाकों से आने वाली सर्द हवाओं का दौर जारी है, जिससे सर्दी का प्रकोप बना हुआ है।
बर्फीली हवाएं चलने के कारण दिन में धूप खिलने के बावजूद सर्दी का असर कम नहीं हो रहा है। बुधवार को बिजनौर का नजीबाबाद राज्य का सबसे सर्द स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से करीब चार डिग्री सेल्सियस कम है।
वाराणसी का न्यूनतम तापमान सात डिग्री, इलाहाबाद का 8.8 डिग्री और मेरठ का 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ में बुधवार को न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम है।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी.गुप्ता ने बुधवार को कहा कि सर्द हवाएं चलने का सिलसिला अगले दो-तीन दिन तक जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि हालांकि धूप निकलने से लोगों को दिन में सर्दी से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन रातें अभी भी काफी सर्द रहेंगी। उधर, इस साल अब तक राज्य में सर्दी से करीब 131 लोगों की मौत हो चुकी है।
समूची कश्मीर घाटी में बर्फीली हवाओं का असर बरकरार है और इससे राहत के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। रात तापमान जमाव बिंदु से काफी नीचे रहा।
श्रीनगर मौसम विभाग के सहायक निदेशक आर. एल. पंडिता ने बताया, "घाटी और लद्दाख क्षेत्र में रात में आसमान साफ रहने की वजह से बुधवार को न्यूनतम तापमान शून्य से काफी नीचे रहा।"
उन्होंने बताया, "श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। गुलमर्ग व पहलगाम में यह क्रमश: 13.6 और 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा।"
पंडिता ने बताया, "लद्दाख क्षेत्र के लेह में बुधवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 19.0 डिग्री नीचे रहा और कारगिल में यह शून्य से 22.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"
राज्य की शीतकालीन राजधानी जम्मू में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सिस दर्ज किया गया।
उन्होंने कहा, "अगले 24 घंटों के दौरान बर्फीली हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। इसका मतलब है कि रात के तापमान में और गिरावट आएगी।"
जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग नम्बर-1ए बुधवार को पर एक तरफ के यातायात के लिए खुला रहा। वाहनों को सिर्फ जम्मू से श्रीनगर आने की इजाजत दी गई।
मध्य प्रदेश में दिन में बुधवार को खिली धूप ने लोगों को ठंड से राहत दी। हवाओं का रुख उत्तरी-पश्चिमी होने के कारण मौसम विभाग ने हालांकि फिर ठंड बढ़ने की आशंका जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान अब भी पांच डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में सबसे ठंडा रीवा व दतिया जिला रहा है, जहां तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
प्रदेश में रातें अब भी सर्द हैं, वहीं दिन में निकलने वाली धूप ठंड से राहत दे रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 24 घंटे में प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। ठंड कुछ और बढ़ सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications