मनमोहन मंत्रिपरिषद में 3 को पदोन्नति, 3 नए चेहरे (लीड-2)
प्रधानमंत्री ने इसके अलावा मंत्रियों के विभागों में भारी फेरबदल भी किया। इस छोटे से विस्तार व भारी फेरबदल में किसी भी मंत्री को हटाया नहीं गया है।
नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री प्रफुल्ल पटेल, कोयला राज्य मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल और अल्पसंख्यक एवं कार्पोरेट मामलों के राज्य मंत्री सलमान खुर्शीद को केंद्रीय मंत्री का दर्जा दिया गया है। तीनों के पास इससे पहले स्वतंत्र प्रभार था।
समाजवादी पार्टी (सपा) छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए बेनी प्रसाद वर्मा को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है, जबकि वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अश्विनी कुमार, युवा नेता के.सी. वेणुगोपाल को राज्य मंत्री के रूप में मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया है। मनमोहन मंत्रिपरिषद में ये तीनों नए चेहरे हैं।
राष्ट्रपति भवन के अशोक हॉल में बुधवार शाम राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील ने इन सभी नेताओं को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस समारोह में उपराष्ट्रपति डा. हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी सहित मनमोहन मंत्रिपरिषद के कई सदस्य व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
अपनी मंत्रिपरिषद में फेरबदल के साथ प्रधानमंत्री ने कुछ मंत्रियों के विभागों में भी तब्दीलियां की हैं।
केंद्रीय शहरी विकास मंत्री एस. जयपाल रेड्डी को पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्री बनाया है जबकि सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री कमलनाथ को रेड्डी के स्थान पर केंद्रीय शहरी विकास मंत्री बनाया गया है।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता पटेल को केंद्रीय मंत्री का दर्जा देकर भारी उद्योग व सार्वजनिक उद्यम मंत्रालय सौंपा गया है। इससे पहले यह विभाग महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री विलास राव देशमुख के पास था। देशमुख को सी. पी. जोशी के स्थान पर ग्रामीण विकास मंत्री बनाया गया है। जोशी को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय का जिम्मा सौंपा गया है।
खुर्शीद को पदोन्नत कर केंद्रीय मंत्री बनाया गया है और उन्हें जल संसाधन मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई हैं।
जायसवाल की भी पदोन्नति हुई है। उन्हें केंद्रीय मंत्री बनाया गया है लेकिन उनका विभाग नहीं बदला गया है। अब वह केंद्रीय कोयला मंत्री हो गए हैं।
प्रवासी मामलों के केंद्रीय मंत्री वायलार रवि की जिम्मेदारी बढ़ाते हुए उन्हें नागरिक उड्डयन मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया हैं।
इस फेरबदल में दो राज्य मंत्रियों को पदोन्नत कर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया हैं। ये हैं गृह राज्य मंत्री अजय माकन और कृषि, उपभोक्ता मामलों, खाद्य व नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री के. वी. थॉमस।
माकन को युवा व खेल मामलों का मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है जबकि थॉमस को उपभोक्ता मामलों, खाद्य व नागरिक आपूर्ति मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है। माकन से पहले एम. एस. गिल खेल व युवा मामलों के मंत्री थे। गिल को सांख्यिकी व कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन दोनों के अलावा मनमोहन मंत्रिपरिषद में पहली बार शामिल किए गए समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता बेनी प्रसाद वर्मा को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है। वर्मा को इस्पात मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है।
नए चेहरे के रूप में मंत्रिपरिषद में राज्य मंत्री के रूप में शामिल किए गए अश्विनी कुमार को संसदीय कार्य, विज्ञान व प्रौद्योगिकी तथा के. सी. वेणुगोपाल को ऊर्जा मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रेल राज्य मंत्री ई. अहमद को विदेश मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications