बिहार की ग्राम पंचायतों में बनेंगे पंचायत सचिवालय भवन
पटना, 19 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार में ग्राम पंचायत के मुखिया का कामकाज निपटाने के लिए राज्य की ग्राम पंचायतों में पंचायत सचिवालय भवन बनेंगे। अप्रैल 2011 से इन भवनों का निर्माण कार्य प्रारम्भ कर दिया जायेगा। इस भवन में पंचायत स्तर के सभी कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था होगी।
संभावना है कि अगले वर्ष होने वाले पंचायत चुनाव जीतकर आने वाले मुखिया इस भवन का उपयोग कर सकेंगे। ग्राम पंचायत विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक प्रत्येक पंचायत में 55 लाख रुपए की लागत से बनने वाले इस भवन परिसर में ग्राम सभा और ग्राम चौपाल की भी व्यवस्था की जायेगी। चरणबद्घ तरीके से बनने वाले इन भवनों के लिए विश्व बैंक भी सहयोग करेगा।
पंचायती राज विभाग के प्रधान सचिव मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बुधवार को बताया कि सभी जिलाधिकारियों को जमीन अधिग्रहण करने का कार्य सौंपा गया है। उन्होंने बताया कि 171 ग्राम पंचायतों में यह कार्य पूरा कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 2000 से ज्यादा ग्राम पंचायतों में यह भवन बनाये जाने की योजना बनाई गई है।
गौरतलब है कि राज्य की 8,463 ग्राम पंचायतों में से 63 पंचायतों में भवन निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
विभाग के एक अन्य अधिकारी की मानें तो इस भवन में पंचायतस्तर के सभी जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों की बैठने की व्यवस्था तो होगी ही पंचायत सचिव का निवास भी इसी भवन में होगा।
प्रधान सचिव का कहना है कि सरकार ने इस कार्य को प्राथमिकता के रूप में लिया है। इस भवन के डिजायन के लिए काम चल रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications