भाजपा के ऐलान पर उमर ने की चिदम्बरम से भेंट (लीड-1)
दोनों नेताओं ने कश्मीर में शुरू की गई शांति प्रक्रिया के बारे में भी चर्चा की।
नार्थ ब्लॉक में गृहमंत्री के कार्यालय में चिदम्बरम के साथ चर्चा के बाद अब्दुल्ला ने कहा कि उन्होंने श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराने की भाजपा की योजना से निपटने के बारे में केंद्रीय गृहमंत्री से बातचीत की। मुख्यमंत्री को आशंका है कि भाजपा के इस कदम से राज्य में परेशानी हो सकती है।
अब्दुल्ला ने पत्रकारों से कहा, "हमें उम्मीद है कि भाजपा ऐसा कुछ नहीं करेगी जिससे कि राज्य के हालात बिगड़े।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने भाजपा की योजना पर राज्य सरकार की राय से चिदम्बरम को अवगत करा दिया है लेकिन उन्होंने बैठक का ब्यौरा देने से इंकार कर दिया।
अब्दुल्ला ने कहा, "हम भाजपा की रैली के बारे गृहमंत्रालय को अपना आकलन बता चुके हैं। मैं आपको इस बारे में कुछ नहीं बताउंगा कि हम क्या कदम उठाने वाले हैं।"
उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार हालात से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
दोनों नेताओं ने राज्य में शांति प्रक्रिया के लिए नियुक्त वार्ताकारों द्वारा पेश की गई रपटों पर भी चर्चा की। साथ ही अब्दुल्ला और चिदम्बरम ने राज्य में तैनात सुरक्षा बलों की संख्या में एक चौथाई की कटौती करने की योजना पर भी बातचीत की।
गौरतलब है कि गृह सचिव जी.के.पिल्लै ने शुक्रवार को कहा था राज्य में विशेषतौर पर तैनात सुरक्षा बलों में 25 फीसदी कटौती की जा सकती है और श्रीनगर से और ज्यादा बंकर हटाए जा सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications