दिल्ली में बने कनिष्क विमान हादसे का स्मारक
टोरंटो/नई दिल्ली, 19 जनवरी (आईएएनएस)। बम विस्फोट का निशाना बने कनिष्क विमान के 22 सदस्यीय चालक दल के परिजनों ने भारत सरकार से इस त्रासदी की याद में दिल्ली में एक स्मारक बनाने की मांग की है।
इस हादसे में मारे गए चालक दल के सदस्यों के परिजनों की मांग है कि इस विमान के मलबे के कुछ हिस्से भारत लाए जाएं और उनका इस्तेमाल स्मारक बनाने में किया जाए।
उल्लेखनीय है कि 23 जून 1985 में हुए इस हादसे में 329 लोग मारे गए थे। यह विमान कनाडा की राजधानी वैंकूवर से नई दिल्ली के लिए रवाना हुआ था।
कनिष्क के चालक नरेंद्र सिंह हंस के पुत्र अनिल सिंह हंस, सहचालक सतविंदर सिंह भिंडर की पत्नी अमरजीत भिंडर और फ्लाइट अटेंडेंट शैला जुजु की मां सुंदरा अरोरा ने प्रधानमंत्री को पत्र लिख कर यह स्मारक बनाने की मांग की।
इनका कहना था कि दुर्घटना को हुए 25 साल से भी अधिक का समय बीत चुका है। कनाडा में चार और आयरलैंड में इस त्रासदी के प्रति सम्मान प्रदर्शित करने के लिए एक स्मारक का निर्माण भी हो चुका है। सिर्फ भारत में ही इस तरह का निर्माण अभी तक नहीं हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस


Click it and Unblock the Notifications