भोपाल में रियायती दर पर प्याज की बिक्री
भोपाल, 19 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सस्ती दर पर प्याज मुहैया कराया जा रहा है। इसके लिए प्रशासन की पहल पर व्यापारियों ने स्टॉल लगाकर 25 से 35 रुपये किलोग्राम की दर से प्याज की बिक्री शुरु कर दी है।
देश के अन्य हिस्सों की तरह भोपाल में भी प्याज की कीमत 50 रुपए किलोग्राम की दर को पार कर गई थी। इन दिनों प्याज 40 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से मिल रहा है। इसी के चलते जिला प्रशासन की पहल पर व्यापारियों ने बुधवार से 25 से 35 रुपये प्रति किलो की दर से छह स्थानों पर प्याज की बिक्री शुरु कर दी है।
प्रगति पेट्रोल पंप सहित अन्य स्थानों पर चल रही बिक्री के लिए व्यापारियों ने स्टॉल लगाए हैं और एक-एक किलो प्याज पॉलीथिन में रखा हैं । एक व्यक्ति को अधिकतम दो किलो प्याज दिया जा रहा है। सुबह 10 बजे से छह बजे तक रियायती दर पर प्याज की बिक्री की जाएगी।
रियायती दर पर प्याज खरीदने के लिए बड़ी तादाद में लोग पहुंच रहे हैं। बिक्री के दौरान किसी तरह की गफलत न हो इसके लिए सुरक्षा का इंतजाम किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications