एनटीआर की पुण्यतिथि पर नायडू, पुरंदेश्वरी ने श्रद्धांजलि दी
श्रद्धांजलि देने वालों में एनटीआर की दूसरी पत्नी लक्ष्मी पार्वती, उनकी पुत्री और केंद्रीय मंत्री डी. पुरंदेश्वरी, टीडीपी प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू, उनकी पत्नी डी. भुवनेश्वरी, उनके पुत्र लोकेश, एनटीआर के पुत्र एन. हरिकृष्णा और एन. रामाकृष्णा सहित परिवार के अन्य लोग शामिल थे।
लक्ष्मी पार्वती, पुरंदेश्वरी और नायडू ने अलग-अलग श्रद्धांजलि दी।
नायडू ने मांग की कि एनटीआर को उसकी सेवा के लिए भारत रत्न पुरस्कार दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य को एनटीआर जैसा दूसरा नेता मिलना बहुत कठिन है। नायडू ने अपने ससुर एनटीआर को 1995 में सत्ता से हटाकर उनकी जगह ली थी।
एनटीआर की पुत्री पुरंदेश्वरी ने 2004 में कांग्रेस की सदस्यता ले ली और तब से लगातार केंद्रीय मंत्री के रूप में काम कर रही हैं। उनके साथ उनके पति और कांग्रेस विधायक डी. वेंकटेश्वर राव भी श्रद्धांजलि देने आए।
एनटीआर के पुत्र और टीडीपी के सांसद एन. हरिकृष्णा ने श्रद्धांजलि देने के बाद कहा कि जिस तेलुगू आत्म सम्मान को एनटीआर ने स्थापित किया था, उसे कांग्रेस बेचने में लगी हुई है।
टीडीपी के कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी श्रद्धांजलि दी।
एनटीआर की मृत्यु 1996 में हुई थी। वह एक लोकप्रिय तेलुगू अभिनेता थे। उन्होंने 1982 में तेलुगू आत्म सम्मान के नारे के साथ टीडीपी की स्थापना की थी। इसके नौ महीने के बाद ही उन्होंने कांग्रेस की सत्ता समाप्त कर सत्ता हासिल कर ली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications