ट्यूनीशिया के प्रधानमंत्री ने कहा, साफ-सुथरी है सरकार
फ्रांस के 'यूरोप 1' रेडियो को दिए एक सक्षात्कार में गनूची ने कहा, "उनमें से सभी साफ सुथरी छवि वाले और क्षमता के धनी हैं।"
गनूची ने कहा कि सोमवार को जिन मंत्रियों को दोबारा नियुक्ति किया गया, वे निरंकुश राष्ट्रपति जैनुल आबेदीन बेन अली के कार्यकाल में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्हें "उनका विभाग सौंपा गया है क्योंकि सरकार के इस चरण (लोकतंत्र के निर्माण) में उनकी जरूरत है।"
ज्ञात हो कि विपक्ष के कुछ सदस्यों ने आरोप लगाया है कि मौजूदा सरकार बेन अली के शासन के मंत्रियों को शामिल कर दागदार हो गई है। गनूची इन आरोपों से सरकार का बचाव कर रहे हैं। यद्यपि सरकार में विपक्ष के तीन नेता भी शामिल हैं।
नई सरकार में विदेश, रक्षा, गृह और वित्त मंत्रालय बेन अली की पार्टी कांस्टिटूशनल डेमोक्रेटिक रैली (आरसीडी) के पास हैं। जबकि स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा और क्षेत्रीय विकास मंत्रालय विपक्ष को दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि नई सरकार के आलोचक पुरानी व्वयस्था से बिल्कुल अलगाव चाहते हैं। अपनी इस मांग को लेकर उन्होंने ट्यूनिश में मंगलवार को दूसरे दिन भी प्रदर्शन किया।
ट्यूनीशिया में 23 वर्षो तक शासन करने के बाद राष्ट्रपति बेन अली पिछले सप्ताह विद्रोह होने के बाद देश छोड़कर भाग गए। बेरोजगारी और मूल्यवृद्धि को लेकर शुरू हुआ प्रदर्शन हिंसक हो गया।
नई सरकार का मुख्य उद्देश्य देश में छह महीनों के भीतर संसदीय और राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव कराना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications