महंगाई नियंत्रित करने की जिम्मेदारी राज्य सरकारों की : दिग्विजय
लखनऊ स्थित कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में दिग्विजय ने कहा, "अधिकांश महंगाई फलों, सब्जियों और प्याज की बढ़ी कीमतों के कारण है। केंद्र सरकार सब्जी और फलों के भाव नियंत्रण नहीं कर सकती। ये जिम्मेदारी प्रदेश सरकारों की है। कांग्रेस पार्टी महंगाई से बहुत चिंतित है। केंद्र सरकार अपने स्तर से हर संभव उपाय कर रही है।"
उन्होंने कहा कि सब्जी और फलों के भाव नियंत्रण करने के लिए राज्य सरकारों को पहल करनी चाहिए। जमाखोरों और मुनाफाखोरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए राज्य सरकारों को जो अधिकार दिए गए हैं उनका प्रयोग किया जाना चाहिए।
पेट्रोल की कीमत बढ़ाए जाने के सवाल पर दिग्विजय ने कहा कि पेट्रोल के भाव अंतर्राष्ट्रीय बाजार की कीमतों के आधार पर तय होते हैं। सरकारी तेल कंपनियों को इसके दाम बढ़ाने का अधिकार है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत बढ़ने पर अगर तेल कंपनियां पेट्रोल के दाम बढ़ाती हैं तो कम होने पर दाम घटाती भी हैं। ऐसा हमारी (कांग्रेस) सरकार के कार्यकाल में जनता ने देखा है।
दिग्विजय ने कहा कि जनता को महंगाई से राहत दिलाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों को अपने करों में थोड़ी कटौती करने पर विचार करना चाहिए।
इस दौरान दिग्विजय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधने से नहीं चूके। उन्होंने कहा, "भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी अक्सर कहते हैं कि हर मुसलमान आतंकी नहीं होता लेकिन हर आतंकी मुसलमान क्यों होता है। आज मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि मालेगांव, अजमेर दरगाह और समझ्झौता विस्फोट में पकड़े गए लोग बहुसंख्यक समुदाय से हैं लेकिन सभी का संबंध आरएसएस से क्यों है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications