'राजनयिक के लौटने पर मामले की होगी पूरी जांच'
नई दिल्ली, 18 जनवरी (आईएएनएस)। भारत ने मंगलवार को कहा कि ब्रिटेन में तैनात मुख्य व्यापार राजनयिक अनिल वर्मा के खिलाफ घरेलू हिसा के आरोपों की विस्तृत जांच होगी। सरकार ने कहा कि वर्मा के स्वदेश लौटने पर कानून के हिसाब से उस पर कार्रवाई होगी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने पत्रकारों को बताया, "अधिकारी के स्वदेश लौटने पर मामले की पूरी जांच की जाएगी।" उन्होंने कहा कि भारतीय कानून के मुताबिक उस पर कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञात हो कि ब्रिटेन स्थित भारतीय उच्चायोग में तैनात तीसरे महत्वपूर्ण वरिष्ठ राजनयिक (आर्थिक) वर्मा उन्मुक्ति कानूनों का हवाला देकर अपनी पत्नी पर हमले के आरोपों से बच गया था। ब्रिटेन की पुलिस ने वर्मा से पूछताछ भी की थी।
वर्मा की पत्नी ने उस पर पीटने का आरोप लगाया और वह अपनी सुरक्षा के लिए अपने पांच वर्षीय लड़के के साथ वर्मा से अलग रहने लगीं। वर्मा का सरकारी आवास छोड़ने के बाद उन्होंने मानवीय आधार पर ब्रिटेन में रहने के लिए आवेदन किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications