दक्षेस को मिली पहली महिला महासचिव
समचार पत्र 'द डेली स्टार' के मुताबिक काठमांडू स्थित दक्षेस सचिवालय के कूटनीतिक सूत्रों ने पुष्टि की है कि मालदीव की पूर्व संसद सदस्य फातीमाथ धीयाना सईद की एक मार्च को दक्षेस की महासचिव के रूप में नियुक्ति की जाएगी।
बांग्लादेशी विदेश मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि पिछले अप्रैल में भूटान के थिम्पू में 16वें दक्षेस सम्मेलन में मालदीव ने महासचिव पर फातीमाथ धीयाना की नियुक्ति किए जाने की अनुशंसा की थी।
वर्तमान महासचिव भारतीय कूटनीतिज्ञ शील कांत शर्मा का इस पद पर तीन साल का कार्यकाल 28 फरवरी को पूरा हो रहा है।
फातीमाथ मालदीव की पूर्व महान्यायवादी (एटॉर्नी जनरल) भी रही हैं। आठ देशों के संघ दक्षेस में हर तीन साल में सदस्य देशों में से ही किसी से महासचिव चुना जाता है। इस बार मालदीव से महासचिव चुना जाना था।
मालदीव 17वें दक्षेस सम्मेलन की मेजबानी करेगा। वहां के दक्षिण प्रांत में 10 से 11 नवंबर तक यह सम्मेलन आयोजित होगा।
दक्षेस की स्थापना 1985 में ढाका में हुई थी। इसमें अफगानिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, भारत, मालदीव, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications