भारतीयों को सुरक्षा मुहैया कराना हमारी प्राथमिकता : उच्चायुक्त (लीड-1)
चण्डीगढ़, 18 जनवरी (आईएएनएस)। भारत में आस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त पीटर एन. वर्गीज का कहना है कि भारतीय छात्रों को सुरक्षा मुहैया कराने का मुद्दा हमारी प्राथमिकता है। वर्गीज का मानना है कि आस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों के लिए स्थिति अब पहले से बेहतर हुई है।
वर्गीज ने आईएएनएस से विशेष बातचीत में कहा कि आस्ट्रेलियाई सरकार ने स्थिति को समान्य बनाने के लिए कई कदम उठाए हैं जिससे पिछले 12 महीनों में वहां की स्थिति में सुधार हुआ है।
वर्गीज ने कहा, "देखिए, हमारे लिए भारतीय छात्रों की सुरक्षा मुहैया कराने का मुद्दा सबसे अहम है। संघीय और प्रांतीय स्तर तथा पुलिस ने कई सारे कदम उठाए हैं।"
वर्गीज ने कहा, "कानून को प्रभावी बनाने के साथ शैक्षणिक प्रतिष्ठानों के पंजीकरण और प्रवासी नीति में परिवर्तन जैसे कदम उठाए गए हैं। मैं समझता हूं कि इन सभी कदमों से इस मुद्दे से निपटने में सहायता मिली है और मैं मानता हूं कि चीजें 12 माह पहले की तुलना में काफी बदल चुकी हैं।"
वर्गीज ने कहा कि भारत के विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा मंगलवार को आस्ट्रेलिया के लिए रवाना हो रहे हैं, जहां वह दो दिवसीय बैठक में हिस्सा लेंगे। वह वहां बैठक के दौरान आस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों की सुरक्षा के मुद्दे को लेकर चर्चा करेंगे।
वर्गीज ने कहा, "मैं यह महसूस करता हूं कि भारत सरकार ने इस बात को स्वीकार किया है कि हमने इस मुद्दे को गम्भीरता से लेते हुए और इसके लिए पार्याप्त कदम उठाए हैं। हम कृष्णा को इस बात की जानकारी देंगे कि इस मुद्दे पर कदम उठाने के बाद स्थिति में सुधार हुआ है।"
वर्गीज ने कहा, "हम सर्वेक्षणों के माध्यम से लगातार अंतर्राष्ट्रीय छात्रों के दृष्टिकोण की जानकारी लेते रहते हैं। हाल ही में कराए गए सर्वेक्षण के मुताबिक आस्ट्रेलिया में रहने वाले भारतीय छात्रों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। आस्ट्रेलिया में रहने वाले भारतीय छात्रों में सबसे अधिक संख्या पंजाब के छात्रों की है। वर्तमान में आस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों की संख्या 300,000 के आसपास है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications