आरोपी ने पीड़िता से कारागार में किया निकाह
वर्ष 2010 में एक अकेली लड़की के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में भागलपुर के केंद्रीय कारागार में बंद राजा ने सोमवार को उसी लड़की के साथ निकाह कर लिया। इस मौके पर कारागार अधीक्षक जितेंद्र कुमार सहित वहां के सभी कर्मचारी और अधिकारी उपस्थित थे।
पुलिस के अनुसार कारागार परिसर में ही दोनों के परिवारिक सदस्यों की उपस्थिति में मौलवी ने पूरे रस्मो-रिवाज के साथ निकाह सम्पन्न कराया। कुमार ने बताया कि इस निकाह के कागजात न्यायालय को भेजे गए हैं जिससे राजा को जमानत मिलने की संभावना बढ़ जाएगी।
उल्लेखनीय है कि जिले के हबीबपुर थाना क्षेत्र के राजा ने मुजाहिदपुर इलाके की रहने वाली शाइस्ता के साथ कथित तौर पर वर्ष 2010 में दुष्कर्म किया था। इस आरोप में हबीबपुर थाने में मामला दर्ज कराया गया था। इसी आधार पर पुलिस ने राजा को 20 सितम्बर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद से राजा भागलपुर जेल में बंद था।
इसके बाद कुमार की पहल पर दोनों परिवारों ने निकाह की बात शुरू की और अंत में शाइस्ता ने भी इसके लिए सहमति दे दी और दोनों का निकाह हो गया। कुमार का मानना है कि ऐसी शादियां जीवनभर खुशी के साथ चलती हैं। उन्होंने बताया कि दोनों परिवार इस निकाह से खुश हैं।
गौरतलब है कि कुमार जब कटिहार जेल अधीक्षक के रूप में कार्यरत थे तब भी उन्होंने ऐसी ही एक शादी करवाई थी। वह परिवार आज भी खुशी के साथ जीवन गुजार रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।