प्रधानमंत्री से मिलीं सोनिया, मंत्रिपरिषद में फेरबदल की अटकलें तेज (लीड-1)
संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष गांधी ने प्रधानमंत्री सिंह के आवास 7, रेस कोर्स रोड पहुंचकर उनसे करीब दो घंटे तक बातचीत की। पार्टी सूत्रों के मुताबिक गांधी के साथ उनके राजनीतिक सचिव अहमद पटेल भी मौजूद थे।
इस बैठक के बाद मंत्रिपरिषद में इस सप्ताह के अंत तक सम्भावित फेरबदल की अटकलें बढ़ गई हैं। इससे पहले प्रधानमंत्री ने सोमवार शाम राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील से मुलाकात की थी। सूत्रों के मुताबिक इस मुलाकात के दौरान मंत्रिपरिषद में बदलाव के मुद्दे पर भी चर्चा हुई थी।
राष्ट्रपति कार्यालय ने सोमवार को जारी बयान में हालांकि कहा था कि दोनों नेताओं ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर बातचीत की। राष्ट्रपति के प्रवक्ता ने कहा कि दोनों नेताओं ने आगामी बजट सत्र, महंगाई और आंतरिक सुरक्षा के अन्य मुद्दों पर बातचीत की।
कयास लगाए जा रहे हैं कि एक से ज्यादा मंत्रालयों का कार्यभार संभाल रहे शरद पवार और कपिल सिब्बल जैसे मंत्रियों का कार्यभार कम करने तथा ए. राजा, शशि थरूर और पृथ्वीराज चव्हाण के इस्तीफे से रिक्त हुए पदों को भरने के लिए प्रधानमंत्री अपनी मंत्रिपरिषद में फेरबदल कर सकते हैं। शरद पवार कृषि, खाद्य और उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय और कपिल सिब्बल विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के अलावा मानव संसाधन विकास, सूचना प्रौद्योगिकी और संचार मंत्रालय का कार्यभार संभाल रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक मंत्रिपरिषद में सामान्य बदलाव होगा। प्रमुख चार केंद्रीय मंत्रियों वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी, विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा, गृह मंत्री पी. चिदम्बरम और रक्षा मंत्री ए. के. एंटनी के कार्यभार में बदलाव की संभावना नहीं है।
मंत्रिपरिषद में कुछ युवा सांसदों को शामिल किया जा सकता है और कुछ मंत्रियों को पार्टी के पदों पर भेजा जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications