गाजियाबाद में चलती कार में छात्रा से सामूहिक बलात्कार (लीड-1)
एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को कहा कि घटना बुधवार की है। छात्रा ट्यूशन पढ़ने के लिए जा रही थी तभी उसके जानने वाले एक युवक मोनू ने कार में लिफ्ट देने की बात कही। मोनू के साथ दो और युवक कार में सवार थे।
पुलिस के मुताबिक छात्रा ने शुरू में लिफ्ट लेने से इंकार किया लेकिन बाद में वह कार में सवार हो गई। इसके बाद युवक कार को सुनसान स्थान की ओर ले गए और छात्रा के साथ चलती कार में सामूहिक बलात्कार किया।
तीनों युवक छात्रा को मेरठ रोड पर छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद छात्रा घर लौटी और परिजनों को हादसे के बारे में बताया।
पुलिस के मुताबिक परिजन शुरू में प्राथमिकी दर्ज कराने से हिचक रहे थे। बाद में छात्रा की मां ने कविनगर थाने में मामला दर्ज कराया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में रविवार को मामला दर्ज किया गया।
सर्किल अधिकारी राजीव कुमार सिंह ने आईएएनएस से कहा कि चिकित्सकीय परीक्षण में छात्रा के साथ बलात्कार की पुष्टि हुई है और स्लाइड को आगे की जांच के लिए भेजा गया है। छात्रा को बयान दर्ज कराने के लिए अदालत में पेश किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि तीनों युवकों मोनू, नितिन और अमित फिलहाल हिरासत में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications