बंगाल में राजनीतिक हिंसा से दुखी हैं सोमनाथ
कोलकाता, 17 जनवरी (आईएएनएस)। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में जारी राजनीतिक हिंसा से वह बहुत दुखी हैं। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु को याद करते हुए उन्होंने कहा कि बसु ने ऐसी हिंसा की हमेशा निंदा की थी।
ज्योति बसु के निधन की पहली बरसी पर सोमनाथ ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "आम आदमी के नाते मैं इन घटनाओं से बेहद दुखी हूं। राज्य में इस प्रकार की हिंसा को देखकर मुझे दुख होता है। यह चिंता की बात है। मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि आखिर हम कहां जा रहे हैं।"
ज्ञात हो कि वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव के बाद राज्य में राजनीतिक हिंसा के मामलों में वृद्धि हुई है।
चटर्जी ने कहा, "मैं ज्योति बसु की उस बात पर विश्वास करता हूं जिसमें उन्होंने कहा था कि एक मजबूत राष्ट्र के निर्माण के लिए हमें एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने हमेशा हिंसा का विरोध किया और उसकी निंदा की।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications