वजन कम करने में मददगार नहीं नाश्ते में ज्यादा खाना!
लंदन, 17 जनवरी (आईएएनएस)। अक्सर लोग अपना वजन कम करने के लिए नाश्ते में ज्यादा खाना पसंद करते हैं लेकिन एक नए अध्ययन के मुताबिक सुबह का भारी-भरकम नाश्ता मोटापा कम करने में मददगार नहीं है।
लोगों का मानना है कि सुबह अच्छा नाश्ता लेने से दिनभर भूख कम लगती है लेकिन इस अध्ययन में पाया गया है कि जो लोग सुबह ज्यादा खाते हैं वे दिनभर ज्यादा खाते रहते हैं।
'न्यूट्रीशन' जर्नल के मुताबिक जर्मनी के शोधकर्ताओं का कहना है कि जो लोग अपना वजन कम करना चाहते हैं उन्हें सुबह सोकर उठने के समय से ही अपने खान-पान पर ध्यान देना चाहिए।
समाचार पत्र 'डेली मेल' के मुताबिक म्यूनिख के टैक्निकल विश्वविद्यालय के शोधकर्ता वोल्कर शुस्डजिएरा ने करीब 400 महिला-पुरुषों से सामान्य रूप से खाते रहने के लिए कहा लेकिन उन्होंने 10 दिन तक इस बात पर नजर रखी कि वे क्या खाते हैं।
इसके बाद शोधकर्ताओं ने अध्ययन में शामिल प्रतिभागियों द्वारा लिए गए भोजन में कैलोरी की मात्रा ज्ञात की।
जो परिणाम सामने आए उनमें देखा गया कि सुबह अच्छा खासा नाश्ता लेने वाले लोगों के दिनभर के खाने-पीने में किसी तरह की कमी नहीं थी। इन लोगों ने भारी-भरकम नाश्ते के बाद दोपहर के भोजन और रात के खाने में भी उतना ही खाया।
इसका मतलब है कि भारी-भरकम नाश्ता आपकी भूख को और बढ़ाता है और आप ज्यादा कैलोरी ग्रहण करते हैं।
शोधकर्ताओं ने यह भी कहा कि सुबह का नाश्ता न करने से यह जरूरी नहीं है कि लोगों का वजन बढ़े जबकि कई स्वस्थ वजन वाले लोग नियमित रूप से भोजन नहीं करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications